कटघोरा में पीने के पानी के लिए भारी जद्दोजहद, ढोड़ी का पानी पीने को मजबूर वार्डवासी

कटघोरा। नगर पालिका परिषद कटघोरा में कई ऐसे वार्ड हैं जो गांव जैसे लगते हैं। केंद्र सरकार की जल आवर्धन योजना के बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। लोग बूंद-बूंद के लिए भारी जद्दोजहद कर रहे हैं। वहीं कटघोरा के वार्ड क्रमांक 7 सुराबहार में भी पानी को लेकर कुछ ऐसा ही नजारा सामने आया है, जहां महिलाएं सुबह पानी लेने के लिए निकलती हैं तो गड्ढे से मटमैला पानी लेकर घंटों का सफर तय कर वापस घर लौटती हैं। पानी के तरस रहे यहां के लोगों के मुताबिक उन्होंने कई बार शिकायत की है, फिर भी आज तक नगर पालिका की तरफ से कोई भी सुधार नहीं किया गया है।

इस तरह चिलचिलाती गर्मी के मौसम में वार्डवासियों को दोगुनी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक तो गर्मी दूसरी ओर घंटों का सफर तय करके पानी लाना। मोहल्ले में नल तो है लेकिन उसमें से पानी नहीं आता। जिसके कारण परेशानी दोगुनी हो गई है। पानी न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने कई बार प्रदर्शन किया। यहां के निवासी बताते हैं कि, मोहल्ले में 1 बोर है वह पूरी तरह से सूख गया है। यहां से एक बाल्टी पानी मिलना भी मुश्किल है।

 

इसलिए ढोंड़ी से पानी लाना मजबूरी के साथ ही साथ एक मात्र पानी का साधन है। कुछ दिन पहले मोहल्लेवासियों ने पालिका भवन का घेराव किया था। जिसके बाद टैंकर आया। लेकिन वह भी नियमित तौर पर यहां नहीं आता। जिसके कारण पानी की किल्लत बनी रहती है। बेहद मुश्किल से हमें पीने का पानी मिलता है। हमें रोज इसी जद्दोजहद से गुजरना पड़ता है।

.

Recent Stories