बिलासपुर में एक आरक्षक के चार माह के बेटे का लीवर खराब हो गया है। बच्चे के लीवर ट्रांसप्लांट के लिए 22 लाख रुपयों की जरूरत है। शुक्रवार को IG के वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में आरक्षक ने अपने बेटे के लीवर ट्रांसप्लांट व आपरेशन के लिए आर्थिक मदद की मांग की। इस दौरान IG रतनलाल डांगी ने SP को राशि जारी करने के निर्देश दिए हैं।
रेंज में पदस्थ पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों और उनके परिजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए IG रतन लाल डांगी ने शुक्रवार की सुबह 8 बजे से 9.30 बजे तक वर्चुअल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बिलासपुर के सरकंडा थाने में पदस्थ आरक्षक हितेश जोशी ने IG डांगी को बताया कि उसका चार माह का बेटा है। बेटे का लीवर खराब है। डॉक्टर ने बच्चे का लीवर ट्रांसप्लांट कराने की सलाह दी है। बच्चे का इलाज दिल्ली के गंगाराम हास्पिटल में चल रहा है।
विभाग से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग
आरक्षक ने बताया कि लीवर ट्रांसप्लांट में करीब 22 लाख रुपए खर्च आएगा। डॉक्टरों ने उसे रुपयों का इंतजाम करने के लिए कहा है। उसने अपने मासूम बेटे के इलाज के लिए आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उसकी बातों को सुनने के बाद IG डांगी ने शीघ्र ही आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान IG डांगी ने SP पारुल माथुर को निर्देशित किया कि कार्यालय स्तर पर जिन-जिन मदों से आरक्षक को आर्थिक सहायता दी जा सकती है, उसकी स्वीकृति करते हुए अन्य माध्यमों से भी आर्थिक सहायता के लिए आवश्यक पहल की जाए।
पुलिसकर्मियों के साथ परिजनों ने गिनाई समस्याएं
इस वर्चुअल कार्यक्रम में पुलिस अफसर और जवानों के साथ ही उनके परिजन भी ऑनलाइन जुड़े और पारिवारिक समस्याएं भी गिनाई। उन्होंने अपनी निजी व कार्य क्षेत्र से संबंधित समस्याओं को सामने रखा। इस दौरान बिलासपुर से सात, रायगढ़ से तीन, जांजगीर-चाम्पा से तीन, कोरबा से पांच, मुंगेली से तीन और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से पांच अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन शामिल हुए और समस्याएं बताई, जिन्हें दूर करने के लिए आश्वासन दिया गया है।



