Monday, February 16, 2026

अब सवालों में DRG जवान:ग्रामीण बोले- गश्त पर आए थे, महिलाओं से छेड़खानी की, इतना मारा की बुखार आ गया; गांव में दागे रॉकेट लॉन्चर

छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों पर एक बार फिर से ग्रामीणों ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं। बुरजी में आंदोलन में बैठे ग्रामीणों ने दंतेवाड़ा जिले के DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) जवानों पर महिलाओं के साथ छेड़छाड़, पिटाई, आंदोलन स्थल पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। साथ ही गांव में ग्रामीणों पर 10 से 12 रॉकेट लॉन्चर दागने का भी गंभीर आरोप लगाया है। जो लॉन्चर नहीं फटे उसे सबूत के तौर पर ग्रामीणों ने अपने पास रख लिया है। ग्रामीणों ने कहा कि DRG के जवानों ने इतनी बेरहमी से पिटाई की है कि कई को बुखार तक चढ़ गया है।

दरअसल, नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले के जवान बैलाडीला की पहाड़ी के पीछे बुरजी, पुसनार समेत अन्य गांवों की तरफ निकले थे। पुलिस का कहना है कि इन इलाकों में जवानों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी। वहीं पुसनार गांव के ग्रामीणों ने कहा कि जवानों ने गांव पर 10 से 12 रॉकेट लॉन्चर दागे हैं। इनमें से कई तो फट गए। लेकिन 1-2 लॉन्चर नहीं फट सके जिन्हें वे अपने पास रख लिए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि हम बुरजी में शांति से आंदोलन में बैठे हुए थे, यहां अचानक DRG के जवान पहुंच गए।

इन जवानों ने महिलाओं के साथ छोड़छाड़ की। कई ग्रामीणों का घर उजाड़ दिया है। यहां मौजूद ग्रामीणों की पिटाई भी की। कई को इतना मारा कि उन्हें अब सुनाई देना ही बंद हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आंदोलन स्थल में रखे उनके आधे राशन को फेंक दिया गया और आधे को जवान अपने साथ लेकर चले गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि हम अपनी मांग को लेकर पिछले 5 महीने से शांति पूर्वक आंदोलन कर रहे हैं। हमारी पुलिस से कोई दुश्मनी नहीं है। फिर भी DRG जवानों ने जिस तरह से यहां आकर हरकत की है हम उसकी कड़ी निंदा करते हैं। इस मामले को सरकार के सामने रखेंगे।

.

Recent Stories