कांकेर। यहां नाबालिग लड़की को भगा ले जाने और रेप का एक आरोपी अपने ही बुने जाल में उलझकर पकड़ा गया। उस पर दुष्कर्म का आरोप है, और जिस आरोपी की पुलिस को तलाश थी, वह नाबालिग पीड़िता से ही मिलने की कोशिश के चक्कर में पकड़ा गया। कोर्ट के आदेश पर बालिका गृह भेजी गई पीड़िता से मिलने के लिए वह खुद को सहेली का पति बताकर पहुंचा था। हालांकि बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष की सजगता से वह पकड़ा गया। फिलहाल पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। घटना के बारे में प्राप्त विवरण के अनुसार धमतरी के युवक विवेक चावड़े ने सिहावा क्षेत्र में रहने वाली 17 साल की एक लड़की को शादी का झांसा देकर 2 अप्रैल को भगा ले गया। लड़की के गायब होने पर घर वालों ने तलाश शुरू की और थाने में मामला दर्ज करा दिया। पुलिस का दबाव बढ़ा तो आरोपी 16 अप्रैल को लड़की को धमतरी में छोड़कर भाग निकला। लड़की ने घरवालों को पूरी बात बताई। तब बाद में पुलिस ने पॉक्सो में भी मामला दर्ज किया और लड़की को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया।


