बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार छत्तीसगढ़ आने वाले हैं। कई नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी साउथ की फिल्म सोरारई पोटरु का रीमेक बन रहा है। इस फिल्म में लीड एक्टर अक्षय कुमार हैं। एक्ट्रेस राधिका मदान अक्षय के अपोजिट हैं। इस फिल्म की शूटिंग छत्तीसगढ़ में होगी। प्रदेश में लगातार कुछ बॉलीवुड प्रोजेक्ट शूट हुए हैं। मगर ये फिल्म अब तक की सबसे बड़ा प्रोजेक्ट साबित होगी।
खबर है कि शूटिंग के लिए 2 अक्टूबर को अक्षय कुमार रायगढ़ जाएंगे। इस फिल्म के लिए लोकेशंस रायगढ़ में ही तय की जा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार में फिल्म पॉलिसी के सलाहकार गौरव द्विवेदी ने दैनिक भास्कर को बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आइडिएशन के साथ तैयार की गई फिल्म पॉलिसी से बॉलीवुड और दूसरी भाषाओं की फिल्मों की शूटिंग छत्तीसगढ़ में शुरू हो रही है। उन्होंने बताया कि अक्षय की इस अपकमिंग मूवी के लिए लोकेशन देखने 9-10 सितंबर को डायरेक्टर सुधा कोंगारा अपनी टीम के साथ रायगढ़ आएंगी।



