Tuesday, December 9, 2025

समुद्र में इंडियन फैमिली के 3 लोग डूबे :ओमान बीच में बेटे-बेटी को डूबता देख पिता ने लगाई छलांग, तीनों अब तक लापता

समुद्र की लहरों से खिलवाड़ कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक उदाहरण ओमान के एक बीच पर देखने को मिला। पानी में मस्ती कर रहे एक ही परिवार के तीन लोगों को समुद्र की तेज लहरें बहा ले गईं। हादसे का एक दिलदहला देने वाला वीडियो सामने आया है।

इस हादसे में महाराष्ट्र के सांगली के रहने वाले शशिकांत म्हमाने और उनकी 9 साल की बेटी श्रुति और 6 साल का बेटा श्रेयस समुद्र में डूब गए। दोनों बच्चे पानी में खेल रहे थे। तभी आई तेज लहर उन्हें बहा ले गई। दोनों बच्चों को बचाने के लिए शशिकांत भी पानी में कूद गए।

ओमान सिविल डिफेंस एंड एंबुलेस अथॉरिटी ने रविवार को बताया कि मुघसेल बीच पर मौजूद घेरे को लोगों ने पार कर दिया था। लहर आने के बाद आठ लोग गिर गए थे। हादसे के बाद तीन लोगों को कुछ देर बाद ही बचा लिया गया था।

सांगली के जथ तहसील के रहने वाले शशिकांत म्हमाने पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं। वे दुबई में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। पिछले रविवार को वे अपने परिवार और कुछ दोस्तों के साथ ईद की छुट्टी मनाने ओमान गए थे। यहां वो अपने परिवार के साथ सलाल्हा इलाके में मुघसेल बीच पर समुद्र की लहरों को एन्जॉय कर रहे थे।

जथ के तहसीलदार जीवन बनसोडे ने बताया कि दुखद हादसे की खबर मिलने के बाद शशिकांत के परिवार के अन्‍य सदस्‍य ओमान गए हुए हैं।

सोशल मीडिया पर दो दिन से वायरल हो रहा वीडियो
घटना का वीडियो दो दिन से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे समुद्र की तेज लहरें वहां मौजूद लोगों को अपने साथ बहा कर ले जा रहीं हैं। घटना के वक्त तक परिवार के लोगों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी, लेकिन पुलिस ने जांच के दौरान बताया कि ये सभी एशिया महाद्वीप के रहने वाले हैं। इसके अलावा कुछ लोग इन्हें भारतीय फैमिली का बता रहे थे।

.

Recent Stories