जशपुर में स्व. दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के अनावरण होना तय हो गया है। संघ प्रमुख मोहन भागवत ने इसके लिए सहमति प्रदान कर दी है। वह 16 नवंबर को प्रतिमा का अनावरण करेंगे। पिछले 9 सालों से स्व. दिलीप सिंह की प्रतिमा के अनावरण को लेकर जद्दोजहद चल रही है। हालांकि उनके बेटे प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने इसे ईश्वर की नियति बताया है। कहा कि संघ प्रमुख के हाथों अनावरण पिता जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
प्रतिमा के अनावरण को लेकर स्व. दिलीप सिंह के पुत्र और BJP सचिव प्रबल प्रताप सिंह ने जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि उनके आग्रह पर पूज्य पिताजी के प्रतिमा के अनावरण के लिए भागवत जी ने अपनी सहमति दी है। 16 नवंबर को जशपुर स्थित पूज्य पिताजी स्व दिलीप सिंह जूदेव जी की आदमकद मूर्ति का अनावरण मोहन भागवत के करकमलों द्वारा होगा
दो दिन पहले कांग्रेस विधायक ने भी दिया था प्रस्ताव
इससे दो दिन पहले कांग्रेस विधायक यूडी मिंज ने स्व. जूदेव की प्रतिमा का अनावरण के लिए कहा था। उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा के लोग नहीं करा सकते तो उनकी सरकार, प्रतिमा का अनावरण कराएगी। इस पर प्रबल प्रताप सिंह ने कहा था कि कुमार साहब को मानने वालों में हर वर्ग और हर पार्टी के लोग शामिल हैं। यूडी मिंज के सम्मान को मेरा प्रणाम है। हालांकि प्रतिमा अनावरण को लेकर उन्होंने संघ प्रमुख में विश्वास जताया।
जनवरी में CM शिवराज सिंह को करना था अनावरण
जनवरी माह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों प्रतिमा का अनावरण होना तय हुआ था। हालांकि फिर कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। रणजीता स्टेडियम के सामने प्रतिमा स्थापना की सभी तैयारी लगभग अंतिम चरण में है


