Thursday, February 19, 2026

श्रीलंका में आर्थिक संकट :हालात संभालने अब IMF से कर्ज मांगेगा श्रीलंका; पूर्व मंत्री का आरोप- राजपक्षे ने विदेशों से मिले पैसे का गबन किया

गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा श्रीलंका अब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) से कर्ज मांगेगा। इसके साथ ही श्रीलंका ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) और वर्ल्ड बैंक से भी कर्ज लेने की तैयारी कर ली है। IMF से इस बारे में बात करने के लिए वित्तीय विशेषज्ञों की 3 मेंबर वाली सलाहकार समिति बनाई है।

इस कमेटी में सेंट्रल बैंक ऑफ श्रीलंका के पूर्व गवर्नर इंद्रजीत कुमारस्वामी को शामिल किया गया है। कमेटी से कर्ज संकट को दूर करने के उपाय सुझाने को भी कहा गया है। इस बीच एशियाई डेवलपमेंट बैंक ने 2022 में श्रीलंका की आर्थिक वृद्धि में 2.5% के मामूली सुधार का अनुमान जताया है।

राजपक्षे सरकार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शनों के बीच पूर्व मंत्री और सांसद चंपिका राणावाका ने गुरुवार को कहा कि राजपक्षे परिवार ने देश को खूब लूटा है। 2004 से 2014 तक के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने 19 अरब अमेरिकी डॉलर का गबन किया। सरकार ने अंतरराष्ट्रीय वित्तीय बाजारों से भारी मात्रा में पैसा ले लिया था और उसे समय पर चुकाया नही। अब इसका खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है। श्रीलंका में ऐसा संकट पहली बार आया है।

राजपक्षे सरकार के खिलाफ देश में जनता का विरोध तेज हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने गुरुवार को गोटबाया सरकार के मंत्री जॉनसन फर्नांडो के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में महिलाएं, बच्चे और विशेष रूप से शिक्षित युवा जुड़े। हजारों प्रदर्शनकारी विरोध कर राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे से तुरंत इस्तीफा मांग रहे हैं। उनका कहना है कि हमारे पास अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए पैसे नही हैं। देश में विदेशी कर्ज लगातार बढ़ रहा है।

.

Recent Stories