Tuesday, February 17, 2026

राजस्थान सरकार के खिलाफ 10 घंटे से दौड़ रहे विधायक:जयपुर के सेंट्रल पार्क में 50 किलोमीटर का चक्कर लगा चुके, रोकने के लिए मंत्री ट्रैक पर बैठे

गहलोत सरकार को समर्थन दे रहे बहरोड़ से निर्दलीय विधायक बलजीत यादव ने सरकार को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है। नकल माफिया और गुरुकुल यूनिवर्सिटी फर्जीवाड़े की बात करते हुए वे शुक्रवार को रो पड़े और काले कपड़े पहनकर सीधे जयपुर के सेंट्रल पार्क के ट्रैक पर दौड़ने के लिए उतर गए।

दोपहर 4:45 बजे तक विधायक यादव सेंट्रल पार्क के 10 चक्कर लगाने के साथ कुल 50 किलोमीटर की दौड़ लगा चुके हैं। इनकी हेल्थ को देखते हुए सेंट्र्ल पार्क के हर गेट पर एंबुलेंस तैनात की गई है। यादव का कहना है कि वे सरकार का विरोध करने के लिए 12 घंटे तक दौड़ेंगे।

विरोध के इस अनोखे तरीके को देखते हुए बड़ी संख्या में विधायक समर्थक भी सेंट्रल पार्क में मौजूद हैं। सरकार को जब उनके फैसले की जानकारी मिली तो जलदाय मंत्री महेश जोशी उन्हें मनाने के लिए सेंट्रल पार्क पहुंचे और वहां ट्रैक पर बैठ गए, लेकिन यादव ने किसी की नहीं सुनी।

सेंट्रल पार्क में दौड़ने से पूर्व बलजीत यादव ने फेसबुक पर लाइव आते हुए कहा- मैं सरकार के खिलाफ रोष प्रकट कर रहा हूं। दम घुटता है जब लोग इस तरह से निर्लज्जता दिखा रहे हैं। इसके प्रति रोष तो प्रकट कर ही सकता हूं, इसलिए स्वयं को कष्ट देकर सरकार को बताना चाहता हूं कि प्रदेश का युवा कितना पीड़ित है। 23 राज्य ऐसे हैं जहां पर प्रदेश के युवा को नौकरी नहीं दी जा रही है। प्रदेश सरकार नौकरी दे नहीं रही है तो ये युवा बेरोजगार कहां जाएंगे? राजस्थान के युवा की नौकरी पर डाका क्यों डाला जा रहा है?

.

Recent Stories