इंदौर। इंदौर के पास पिगडंबर में खाली प्लॉट पर बोरिंग खुदाई से धूल उड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ। विवाद के बाद बीजेपी नेता के बेटे की हत्या हो गई और 6 लोग घायल हो गए। हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जिससे लगभग 7 किलोमीटर तक का हाईवे पर जाम लग गया।
दरअसल पूरा मामला किशनगंज थाना क्षेत्र के पिगडंबर का है, जहां पर जा खाली प्लॉट पर हो रहे बोरिंग को लेकर व बोरिंग से उड़ने वाली धूल को कम करने की बात पर युवक पर 8 से 10 लोगों ने हमला कर दिया। जिसके बाद दोनों पक्षों में जमकर विवाद हुआ। विवाद का लाइव वीडियो फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। विवाद में भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष उदल सिंह चौहान का बेटा सुरजीत के सीने पर चाकू और सर पर पाइप मारकर हत्या कर दी गई। इसके साथ ही 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पिगडंबर गांव के गुस्साए लोगों ने बाइपास पर चक्का जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे पुलिस फोर्स पर भी पथराव हुआ। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर मामले पर काबू पाया। इसके बाद सुबह आरोपियों के मकानों को भी जमींदोज करने का काम जिला प्रशासन और नगर निगम ने शुरू कर दिया। फिलहाल आरोपी परिवार फरार बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल फैला हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


