नई दिल्ली, ताइवान को लेकर चीनी सेना आक्रामक मूड में दिख रही है। चीनी सेना ने ताइवान के निकट युद्धाभ्यास शुरू किया है। यह युद्धाभ्यास ऐसे समय हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच ताइवान मामले को लेकर वार्ता हो चुकी है। चिनफिंग ने एक दिन पहले ही फोन पर बाइडन को चेतावनी दी थी। उधर, अमेरिकी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता नैंसी पेलोसी की ताइवान यात्रा से चीन बेहद चिढ़ा हुआ है।
चीनी सेना ने ग्वांगडोंग प्रांत के तट से दूर दक्षिण चीन सागर में एक बड़ा नौसैनिक अभ्यास शुरू किया है। चीन के इस कदम ने अमेरिका को चिंता में डाल दिया है। यह नौसैनिक अभ्यास ताइवान से कुछ ही दूर विवादित इलाके में हो रहा है। चीनी सेना ने बताया है कि यह दो दिवसीय युद्धाभ्यास 29 जुलाई को शुरू हुआ है जो 30 जुलाई को खत्म होगा। इसमें चीनी सेना की पनडुब्बियां, युद्धपोत और फास्ट अटैक वेसल हिस्सा लेंगे। चीनी नौसेना के इस युद्धाभ्यास को अमेरिका और ताइवान दोनों के लिए चेतावनी माना जा रहा है। एक दिन पहले ही शी जिनपिंग ने ताइवान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को आग से न खेलने की चेतावनी दी थी।
ताइवान को लेकर अमेरिका और चीन के बीच टकराव बढ़ गया है। दोनों देशों के तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और उनके चीनी समकक्ष शी चिनफिंग राष्ट्रपति की पांचवी बार सीधी बातचीत हुई। शी चिनफिंग ने बाइडन के साथ वार्ता में ताइवान को लेकर खुली धमकी दी है। चिनफिंग ने कहा कि ताइवान के साथ एक चीनी नीति हमारे साथ संबंधों का राजनीतिक आधार है। चिनफिंग ने ताइवान को चीन का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि चीन की राष्ट्रीय संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करना 1.4 अरब से अधिक लोगों की दृढ़ इच्छा है। ऐसे में जो लोग आग से खेलते हैं, वो खुद ही उससे जल जाएंगे। उन्होंने ताइवान की स्वतंत्रता को प्रेरित करने वाली ताकतों को हर हाल मे नेस्तनाबूद करने की चेतावनी भी दी।
उधर, चीन के इस कदम के बाद अमेरिका ने भी सिंगापुर में खड़े अपने एयरक्राफ्ट कैरियर को पूरे बैटल ग्रुप के साथ दक्षिण चीन सागर में तैनात कर दिया है। यूएसएस रोनाल्ड रीगन पिछले कुछ दिनों से सिंगापुर के बंदरगाह पर ही तैनात है। चीनी सेना के इस कदम के बाद अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर को दक्षिण चीन सागर में तैनात कर दिया गया है। इस कैरियर के साथ अमेरिकी नौसेना के डिस्ट्ऱायर, फ्रिगेट, पनडुब्बी और टैंकर शिप की पूरी फ्लीट मौजूद है। यह एयरक्राफ्ट कैरियर अमेरिकी नौसेना के सातवें बेड़े के अंतर्गत काम करता है।


