दुर्ग जिले में लगातार चौथे दिन उठाईगिरी की वारदात हुई है। एएसपी सिटी संजय ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस बैंक में आरोपी की तलाश कर रही थी और आरोपी कुर्मी समाज के कोषाध्यक्ष को लूट कर चला गया। पुलिस अपनी लाज बचाने के लिए इस मामले को रात तक छिपाती रही, लेकिन आरोपी का सुराग तक नहीं लग पाया। इधर, लगातार चौथे दिन वारदात हो जाने के बाद भी एएसपी सिटी संजय ध्रुव चोरी के मामला का खुलासा हंसकर करते रहे। उन्होंने किसी को कोई जानकारी नहीं दी कि ऐसी कोई घटना घटी भी है।
नेवई थाना प्रभारी भारती मरकाम ने बताया कि कोहका सर्किल कुर्मी समाज के कोषाध्य़क्ष नीलकंठ देशमुख ने उठाईगिरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि समाज के अगले अनवेषण कार्यक्रम के लिए उन्हें 45 हजार रुपए की जरूरत थी। वह 11 मार्च की दोपहर रिसाली स्थित पंजाब नेशनल बैंक रुपए निकालने गए थे। वहां से रुपए बैग में लेकर वो बाइक लेकर कोहका जा रहे थे। रास्ते में अचानक उनकी बाइक की चेन खराब हो गई। वहां से वह बाइक को धक्का मारकर ऑटो पार्ट्स दुकान तक ले गए। वह गाड़ी को सुधरवा रहे थे। इसी दौरान किसी ने उनके बैग से रुपए निकाल लिए। इसके बाद नीलकंठ ने मामले की शिकायत नेवई थाने में दी। पुलिस, शिकायत लेकर देर शाम तक आरोपी की तलाश करती रही, लेकिन जब आरोपी उनके हाथ नहीं लगा और कुर्मी समाज का दबाव बना तो पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
अपनी कमियों छिपाने अधिकारी नहीं उठा रहे फोन
खुलेआम आपराधी पुलिस को चुनौती देकर अपराध को अंजाम दे रहा है और पुलिस उसका पता भी नहीं लगा पा रही है। हालत यह है कि अब बड़ी वारदात होने पर पुलिस मीडिया से मामले को छिपा रही है। अधिकारियों को फोन लगाने पर वह फोन नहीं उठा रहे हैं। न ही मैसेज का जवाब दे रहे हैं। पूछने पर मीटिंग का बहाना बना दे रहे हैं।
नहीं हो रही नाइट गश्त
जिले के हर थाने में नाइट पेट्रोलिंग के लिए अलग से टीम बनी है और उन्हें गाड़ी भी दी गई है। पेट्रोलिंग टीम थाने से गश्त के नाम पर निकलती तो है, लेकिन गश्त न करके सुरक्षित जगह पर खड़े होकर समय काटती है।


