पहाड़ी का सच सामने लाने के लिए टीम 200 किलोमीटर का सफर तय कर माइंस के रिसर्च डिपार्टमेंट के एक्सपर्ट केपीएस यादव के साथ झुंझुनूं के खेतड़ी पहुंची। खेतड़ी में दुनिया की सबसे बड़ी अंडर ग्राउंड कॉपर माइंस है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से खेतड़ी की रहस्यमयी पहाड़ी चर्चा में है।
इसके बारे में दावा किया जा रहा है कि यहां बंद कार अपने आप पहाड़ी पर चढ़ जाती है। कुछ लोग तो इसे मैजिक हिल कह रहे हैं तो कुछ मैग्नेटिक हिल। कुछ इसे चमत्कार भी बता रहे हैं। हमारी इन्वेस्टिगेशन में खुलासा हुआ कि पहाड़ी में न कोई जादू है और न ही चुम्बकीय शक्ति, बल्कि इसकी वजह कुछ और है।
खेतड़ी में पहाड़ी पर भोपालगढ़ फोर्ट है। 3 अगस्त को कस्बे के रहने वाले विजय कुमार अपने दोस्तों के साथ कार में भोपालगढ़ फोर्ट जा रहे थे। रास्ते में टी पॉइंट पर कार रोक कर दोस्तों के साथ सेल्फी लेने लगे। तभी अचानक उनकी कार अपने आप चढ़ाई की तरफ चलने लगी।
विजय घबरा गए और तुरंत हैंड ब्रेक लगाकर कार रोकी। उनको आंखों देखी पर यकीन नहीं हुआ। उन्होंने फिर से कार उसी जगह खड़ी की और हैंड ब्रेक हटाए। ब्रेक हटाते ही कार फिर से चलने लगी। विजय कुमार के इस दावे के बाद यहां भीड़ बढ़ने लगी।
पहाड़ी पर पहुंची तो वहां बहुत से लोग थे, जो एक्सपेरिमेंट करने के लिए अपनी गाड़ियां लेकर आए थे। एडवोकेट अजित पंवार ने बताया कि उन्होंने कार बंद कर निश्चित जगह पार्क की तो कार अपने आप चलने लगी। रवि ने बताया कि उसने सड़क पर पानी गिराया तो वह भी ऊंचाई की तरफ बहने लगा। लोगों से बात करने के बाद भास्कर की टीम ने भी कार से एक्सपेरिमेंट किया। दूसरे लोगों की तरह टीम की कार भी अपने आप चलने लगी।


