रायपुर। रायपुर पुलिस की एण्टी क्राइम एवं सायबर यूनिट की टीम ने गुम मोबाइल फोन को ढूंढने का विशेष अभियान चलाया. रायपुर सहित अन्य जिलों व अन्य राज्यों के अलग – अलग स्थानों से 122 मोबाइल फोन बरामद किया. लगभग 26,00,000 रुपए कीमत के मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार को उनके स्वामियों के सुपुर्द किया गया.
दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल द्वारा गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध अभिषेक माहेश्वरी एवं प्रभारी एण्टी क्राइम एवं सायबर यूनिट गिरीश तिवारी को गुम मोबाइल फोन ढूंढ कर बरामद करने निर्देशित किया था. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एवं सायबर यूनिट की टीम ने ढूंढ-ढूंढ कर 122 मोबाइल फोन बरामद किया. इसके बाद मोबाइल फोन के मालिकों को सूचना दी.
नाउम्मीदी से भरे लोगों के पास जब फोन आया तो उन्हें सहसा भरोसा ही नहीं हुआ. आज जब मोबाइल फोन मालिकों को उनका फोन सौंपा गया तो उन्हें व्यवस्था पर यकीन हुआ. उन्होंने एण्टी क्राइम एवं सायबर यूनिट की टीम सहित रायपुर पुलिस की भूरी – भूरी प्रशंसा कर धन्यवाद दिया.


