पुणे में दहलाने वाली घटना:कूड़ा उठाने वाले तीन लोगों पर होटल कर्मचारी ने खौलता पानी डाला, 2 की मौत

पुणे में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां कूड़ा उठाने गए तीन लोगों पर होटल के एक कर्मचारी ने खौलता हुआ पानी फेंक दिया। इसमें बुरी तरह से झुलसने पर दो लोगों की मौत हो गई है और एक शख्स गंभीर हाल में हॉस्पिटल में एडमिट है। पुलिस ने आरोपी कर्मचारी को अरेस्ट कर लिया है और होटल को सील करने की तैयारी भी की जा रही है।

यह दिल दहला देने वाली घटना पिछले सप्ताह की है, लेकिन मामले का खुलासा मंगलवार को एक पीड़ित की मौत के बाद हुआ है। वारदात पुणे के सासवड इलाके में 25 मई को हुई है। होटल संचालक नीलेश उर्फ पप्पू जगताप के खिलाफ भी केस दर्ज करने की मांग की जा रही है। लोगों का आरोप है कि पुलिस स्थानीय विधायक के दबाव में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। होटल संचालक फिलहाल फरार है।

इस घटना की जानकारी देते हुए कूड़ा उठाने वाली एक बुजुर्ग महिला का वीडियो सामने आया है। यह वीडियो वारदात के ठीक बाद का है। बुजुर्ग महिला की पहचान श्वेताबाई के रूप में हुई है। वह मराठी भाषा में आपबीती बता रही हैं। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। इसी वीडियो के आधार पर होटल कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर सासवड पुलिस ने देर रात उसे गिरफ्तार किया है।

इस घटना का एक और वीडियो भी सामने आय है, इसमें एक शख्स सीढ़ियों पर बेहोश होकर नजर आ रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि एक शख्स के हाथ और शरीर पर गंभीर चोट आई है।

.

Recent Stories