रायगढ़/कोरबा। छत्तीसगढ़ में शनिवार को अलग-अलग घटनाओं ने सुर्खियां बटोरीं। कहीं सड़क हादसा पुलिस के लिए फायदेमंद साबित हुआ तो कहीं तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं रेलवे ट्रैफिक ब्लॉक के चलते ट्रेनें रद्द रहीं, पेट्रोल पंप सील किया गया और टोल प्लाजा बंद करने की मांग तेज हो गई।
सड़क हादसे से खुली गांजा तस्करी की पोल
बरगढ़ जिले के भुक्ता क्षेत्र में दो गाड़ियों की टक्कर पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी बन गई। शनिवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे तेज रफ्तार बलेनो कार ने इनोवा को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गई। इनोवा मालिक मुरलीधर पटेल ने करीब 15 किलोमीटर तक कार का पीछा किया। लुकापारा गांव में बलेनो फंस गई, जहां चालक भाग निकला, जबकि कार में सवार युवक को पकड़ लिया गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें तीन बोरियों में 123 किलो गांजा बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि गांजा ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एनएच-49 पर तेज रफ्तार कार पुल के नीचे गिरी
रायगढ़ जिले में शुक्रवार रात एनएच-49 पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसा रात करीब 11 बजे खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा के पास हुआ। कार में सवार तीन लोग बिलासपुर से कोतबा जा रहे थे। ओवरटेक के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन तीनों सवार सुरक्षित बाहर निकल आए। शनिवार सुबह घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही।
कोरबा मेमू समेत 6 पैसेंजर ट्रेनें कैंसिल
बिलासपुर रेल मंडल में ब्रिज मरम्मत कार्य के चलते 2 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते 18 जनवरी को बिलासपुर–रायगढ़–बिलासपुर और बिलासपुर–कोरबा–बिलासपुर मेमू लोकल समेत कुल 6 पैसेंजर ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इससे रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
पसान का इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप सील
कोरबा जिले के पसान में स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप को जांच के बाद सील कर दिया गया है। औचक निरीक्षण में पेट्रोल टंकी में तकनीकी खामियां और नियमों के उल्लंघन पाए गए। अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गई है और विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
रजकम्मा टोल प्लाजा बंद करने की मांग तेज
कोरबा में राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर स्थित मदनपुर रजकम्मा टोल प्लाजा को बंद करने की मांग उठी है। आम आदमी पार्टी के नेताओं विजय नायक और सत्येंद्र यादव ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नियमों के विरुद्ध 30 किलोमीटर की दूरी में दूसरा टोल प्लाजा स्थापित किया गया है। साथ ही टोल कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए गए हैं, जिसके साक्ष्य के रूप में वीडियो होने की बात कही गई है। नेताओं ने कहा कि पूर्व में भी शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।


