रायपुर. फर्जी काॅल सेंटर से क्रेडिट कार्ड के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले 4 अंतर्राज्यीय आरोपियों को एसीसीयू और रायपुर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है. आरोपियों से अलग-अलग बैंकों के दर्जनों एटीएम कार्ड बरामद कर बैंक खातों को सील किया गया और उपलब्ध रकम को फ्रिज किया गया. 7 नग मोबाइल और 5 हजार रुपए नगदी जब्त किया गया. इस गिरोह ने देश के विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ लाखों की ठगी की है.
प्रार्थी विज्ञान कुमार जैन ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह शैलेंद्र नगर में रहता है. 8 जुलाई 2022 को अज्ञात मोबाइल नंबर से उसके मोबाइल नंबर पर काॅल आया और क्रेडिट कार्ड उपयोग नहीं करने के बारे में पूछा गया. प्रार्थी द्वारा बताया गया कि वह अपना क्रेडिट कार्ड बंद करवाना चाहता है, जिस पर अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक ने कहा कि वह क्रेडिट कार्ड बंद कर देगा. कुछ समय बाद प्रार्थी के मोबाइल पर ओटीपी का मैसेज आया, जिसे अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक ने ओटीपी प्राप्त कर करीब 1,89,000 रुपए की धोखाधड़ी कर ठगी की.
लाखों रुपए ठगी की घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रशांत अग्रवाल ने गंभीरता से लेते हुए साइबर अपराधियों को पकड़ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक माहेश्वरी को निर्देशित किया था. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक माहेश्वरी के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित किया.तकनीकी विश्लेषण में आरोपियों के संबंध में दिल्ली से काॅलर सेंटर के माध्यम से लोगों के साथ ठगी करने की पूख्ता जानकारी प्राप्त हुई.


