छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। एक तरफ जहां शिवनाथ नदी उफान पर है तो वहीं गोदावरी और शबरी नदी का भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 9 दिनों से कोंटा के रास्ते छत्तीसगढ़ का आंध्र प्रदेश और तेलंगाना से संपर्क टूटा हुआ है। कई ट्रकों समेत वाहनें फंसी हुई हैं। इधर, कोरबा में उफनती नदी में 50 साल का अधेड़ बह गया है। पिछले कई घंटों से ढूंढने रेस्क्यू जारी है। साथ ही बीजापुर जिले के कई गांव टापू के रूप में तब्दील हो गए हैं। रात में 60 से ज्यादा ग्रामीणों को रेस्क्यू कर सेफ जोन में पहुंचाया गया है।
दरअसल, बारिश की वजह से गोदावरी का वॉटर लेवल 50 फीट से ऊपर पहुंच गया है। बॉर्डर इलाके के वीरापुरम के पास NH-30 पर बाढ़ का पानी चढ़ गया है। पिछले 9 दिनों से मार्ग बंद है, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई है। ट्रक चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार की दोपहर तक गोदावरी 51.50 फीट और शबरी नदी 21.530 मीटर पर थी। ओडिशा के हीराकुंड बांध से भी पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे गोदावरी और शबरी में जल स्तर बढ़ने लगा है।
पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश और दुर्ग संभाग के डैम से छोड़े जा रहे पानी से शिवनाथ नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 15 फीट ऊपर बह रहा है। 3 दिनों में डैम से 1.15 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे दुर्ग में पुलगांव चौक तक नदी का पानी भर गया है। इसमें नदी किनारे बसी 27 कॉलोनी और कई गांव जलमग्न हो गए हैं। लोगों को बचाने के लिए टीम लगी हुई है।


