इंडिगो एयरलाइंस की ओर से दिव्यांग बच्चे को विमान में चढ़ने से रोकने का मामला केंद्र तक पहुंच गया है। सोमवार को इसे लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके बाद एयरलाइन के CEO ने माफी मांगी है।
वहीं, देश की एविएशन रेगुलेशन बॉडी DGCA ने इस मामले की जांच के लिए 3 सदस्यों की टीम का गठन किया है। यह टीम रांची और हैदराबाद जाकर पूरे मामले की पड़ताल करेगी। टीम को एक हफ्ते के अंदर जरूरी सबूत जुटा कर DGCA को देने होंगे। इनके आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
दरअसल, शनिवार को एक दिव्यांग लड़का अपने माता-पिता के साथ रांची एयरपोर्ट पहुंचा। इस दौरान उसे इंडिगो की रांची-हैदराबाद उड़ान में चढ़ने से रोक दिया गया, जिसके बाद उसके माता-पिता ने भी विमान की यात्रा नहीं करने का फैसला किया।


